रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र): थाना बीजपुर की साइबर टीम ने तत्परता और कुशल कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार एक व्यक्ति के 18 हजार रुपये सफलतापूर्वक वापस कराया ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बनारसी प्रसाद पुत्र नन्दू केशरी के साथ अज्ञात साइबर ठगों द्वारा 18,000 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई थी। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक बीजपुर के कुशल नेतृत्व में थाना बीजपुर की साइबर टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एनसीआरपी पोर्टल का अवलोकन किया। तत्पश्चात फ्रॉड किए गए खाते को होल्ड कराया गया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर संबंधित बैंक शाखा से ईमेल के माध्यम से पत्राचार किया गया। टीम के प्रयासों से पीड़ित की संपूर्ण धनराशि 18,000 रुपये उसके मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित बनारसी प्रसाद ने थाना बीजपुर की साइबर टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा किया ।
टीम में राजेश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक बीजपुर, उ0नि0 कमलाकान्त पाण्डेय, का0 सरोज अमित कुमार श्रीकृष्ण ( साइबर हेल्प डेस्क ) शामिल रहे ।।
पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की घटना होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें, व नजदीकी थाने में सूचना दें अथवा cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।










