
सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट वायरल करने का आरोप
सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी के जिला संगठन को लेकर इन दिनों सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के भीतर से ही जिलाध्यक्ष को बदनाम करने की साजिश रचे जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पूर्व में संगठन में विभिन्न पदों पर रहे कुछ पदाधिकारियों से जिम्मेदारियां वापस लेकर सक्रिय कार्यकर्ताओं को सौंपे जाने से नाराज लोगों द्वारा यह साजिश रची जा रही है।
भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार, पदों में बदलाव के बाद आहत पूर्व पदाधिकारियों के इशारे पर कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जिलाध्यक्ष नन्द लाल गुप्ता के खिलाफ भ्रामक और गलत पोस्ट प्रसारित किए जा रहे हैं, जिससे संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि यह सब सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है, ताकि संगठन में भ्रम और असंतोष का माहौल बनाया जा सके। वहीं, पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन में समय-समय पर बदलाव एक सामान्य प्रक्रिया है और इसे व्यक्तिगत तौर पर लेने के बजाय पार्टी हित में स्वीकार किया जाना चाहिए। उन्होंने ऐसे कृत्यों की निंदा करते हुए कहा कि इससे पार्टी की एकजुटता पर असर पड़ता है। हालांकि, इस मामले में अभी तक पार्टी के अधिकृत पदाधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन अंदरखाने इस मुद्दे को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।









