उपेंद्र तिवारी

विंढमगंज में फिर दिखी लापरवाही! सड़क सुरक्षा नियमों पर सवाल, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग।
विंढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत जोरूखाड़ में जेपी इंटर कॉलेज के बगल तथा प्रकाश यादव जनरल स्टोर के ठीक सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। होली की खरीदारी के लिए निकला एक परिवार तेज रफ्तार मैजिक की टक्कर का शिकार हो गया, जिससे महिला और उसका मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी प्रकाश यादव ने बताया कि जोरूखाड़ निवासी पप्पू नायक अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP64 AX 0806 से पत्नी किरण देवी और लगभग 6 वर्षीय पुत्र रितिक नायक को लेकर विंढमगंज बाजार जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही मैजिक वाहन संख्या UP64 BT 5845 ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला और बच्चा सड़क पर गिरकर घायल हो गए, जबकि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल महिला और बच्चे को दुद्धि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार हेतु भेजा गया।
यह घटना एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। बाजार और स्कूल के आसपास तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार खतरा बनती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर न तो स्पीड ब्रेकर हैं और न ही नियमित यातायात जांच होती है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
प्रशासन से मांग की जा रही है कि बाजार और विद्यालय क्षेत्रों में गति सीमा का कड़ाई से पालन कराया जाए, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसी घटनाएं भविष्य में और भी गंभीर रूप ले सकती हैं।









