मिलिंद कुमार

घोरावल सोनभद्र घोरावल तहसील अंतर्गत भैंसवार गांव में चकबंदी में अनियमितता के विरोध में किसानों का धरना प्रदर्शन जारी है। सिमरिया टोला बछनार बिरबाबा देवस्थान पर चल रहे इस धरने को 13 दिन हो गए हैं। भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति सोनभद्र के जिला अध्यक्ष बिरजू कुशवाहा के नेतृत्व में यह धरना चल रहा है। अब तक कोई भी उच्च अधिकारी पीड़ित किसानों की समस्या जानने नहीं पहुंचा। 28 मई को चकबंदी अधिकारी जगदीश प्रसाद ने धरनास्थल पर आकर आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक गांव की नापी का काम रोका रहेगा।
किसान नेता कुशवाहा ने बताया कि वे 12 से 14 जून तक हरिद्वार में होने वाले शिविर चिंतन में भाग लेंगे। वहां वे राष्ट्रीय अध्यक्ष को भैंसवार की चकबंदी समस्या से अवगत कराएंगे। इसके बाद जिला स्तर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। धरने में जिला सचिव संजय कुमार यादव, रामवृक्ष कोल, तेतरा देवी, चंपा देवी, भागीरथी देवी, घासीराम यादव, संतु मौर्य समेत सैकड़ों ग्रामीण और किसान मौजूद रहे।










