रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र) अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजपुर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए अलग-अलग स्थानों से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कुल 20 लीटर अवैध देशी कच्ची शराब बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे इस अभियान में स्थानीय पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) व क्षेत्राधिकारी दुद्धी के पर्यवेक्षण में व थानाध्यक्ष बीजपुर राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह अपनी टीम के साथ रविवार को क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पहली कार्रवाई में कोडार जंगल के आगे ग्राम नकटू (सिरसोती) के पास से विष्णु दयाल (30 वर्ष) निवासी ग्राम नेमना को 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में नेमना जंगल के पास से ओमप्रकाश (35 वर्ष) पुत्र रामाशंकर को भी 10 लीटर अवैध देशी कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ क्रमशः मु0अ0सं0 46/2026 व 47/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
दोनों मामलों में अपराध जमानतीय होने के कारण आरोपियों को मुचलका भरवाकर रिहा कर दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल भानु प्रताप सिंह व कांस्टेबल निखिल उपाध्याय शामिल रहे।
बीजपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध धंधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









