मिलिंद कुमार
(घोरावल/शिवद्वार),
शिवद्वार क्षेत्र में अमरावती शिवशक्ति इण्टर मीडिएट घोरावल सोनभद्र द्वारा 3 मई को शिवद्वार धाम में फुलरी लालता जनकल्याण समिति मरसड़ा घोरावल सोनभद्र के सौजन्य से किशोरियों को जागरूक करने के उद्देश्य से फेज 3 के तहत एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को स्वास्थ्य, शिक्षा प्रजनन लैंगिक अधिकार एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पोषण, स्वच्छता, महिला स्वास्थ्य, बाल संरक्षण, महिला अधिकार एवं सामाजिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जानकारी के अभाव के कारण महिलाएं कई बार अपने अधिकारों से वंचित रह जाती हैं, इसलिए ऐसे कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं।
इस कार्यक्रम में शिवद्वार सहित आसपास के 8 गांवों की लगभग 60 महिलाओं एवं किशोरियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रतिभागियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं एवं आत्मनिर्भरता से जुड़े पहलुओं की जानकारी भी दी गई, जिससे वे अपने जीवन स्तर में सुधार ला सकें।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा समाज में अपनी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इसमें अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद लालता लाल जी मुर्शीद अहमद पूनम भारती गुलपत्ती संगीता अमरावती आशाराम अमरावती शिवशक्ति इण्टर मीडिएट कॉलेज के प्रबंधक जय शंकर पांडेय एवं वालंटियर रामबृक्ष राजेंद्र सिंह खुशबू सीताराम गणेश लाल अभिभावक के रूप में उपस्थित किशोरियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी मानते हुए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। आयोजकों ने बताया कि आगे भी इस प्रकार के जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक किशोरियों को सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।











