[ad_1]
348 प्राचीन मूर्तियां, 73 बेशकीमती पेंटिंग्स और 100 से ज्यादा हथियार। ये कोई म्यूजियम नहीं। जयपुर के थाने में रखा बेशकीमती सामान है। इनकी संख्या 900 से ज्यादा है। ये अंतरराष्ट्रीय मूर्ति तस्कर वामन नारायण घीया से 2003 (21 साल पहले) में बरामद हुई थीं।
.
राजस्थान विधानसभा के बजट सेशन के दौरान एक बार फिर इस बेशकीमती सामान का मुद्दा उठा है। इसमें पूछा गया कि सरकार इस बेशकीमती सामान का क्या कर रही है। सरकार ने भी अपने जवाब में बताया कि इनकी जांच कराकर म्यूजियम में रखा जाएगा। विधानसभा में मुद्दा उठने के बाद पुलिस-प्रशासन और पुरातत्व विभाग दोनों एक्टिव हो गए हैं। पुरातत्व विभाग यहां रखी मूर्तियों की जांच जल्दी शुरू कर कस्टडी में लेने की तैयारी कर रहा है।
जयपुर के विद्याधर नगर थाने में रखीं मूर्तियां और अन्य सामान।
जून-2023 में पुलिस ने मारा था छापा
जयपुर के आमेर रोड पर वामन नारायण घीया का बड़ा हैंडीक्राफ्ट पैलेस था। वह बिजनेस के लिए ज्यादातर विदेश में रहता था। जयपुर के बड़े होटलों में मीटिंग किया करता था। जून-2003 को सुबह 24 से अधिक हथियारबंद पुलिसकर्मियों ने जयपुर की एवरेस्ट कॉलोनी में स्थित घीया के तीन मंजिला आलीशन घर पर छापा मारा था। दीवार फांदकर घर में घुसे पुलिसकर्मियों ने हथियारबंद गार्ड को काबू में किया था। दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई, लेकिन कोई आवाज नहीं आई थी।
इस दौरान तीसरी मंजिल की खिड़की से धुआं निकलता देखकर पुलिस टीम मेन गेट तोड़कर अंदर घुसी थी। इस दौरान तीसरी मंजिल पर मास्टर बेडरूम में घीया फर्श पर कुछ डॉक्युमेंट जलाते मिला था। घंटों तलाशी के दौरान एक कमरे में गुप्त अलमारियों का एक सेट मिला था।
यहां प्राचीन प्रतिमाओं की फोटोज मिली थीं। इनमें देवी-देवताओं (शिव, पार्वती और गणेश) की सुंदर पत्थर की आकृतियां, कई भुजाओं वाली नृत्य करने वाली देवियां, जैन तीर्थंकर और चोल कांस्य सहित आभूषणों से सजी प्रतिमाएं थीं। कई फोटोज देखकर लगा की मूर्तियों को जबरन मंदिर की दीवारों से उखाड़ा गया है। इसके कारण उनके अंग या सिर नहीं थे। घीया के घर से पुलिस को एक भी मूर्ति नहीं मिली थी।
घीया को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस टीम ने उसके शहर के बाहर स्थित खेत, मथुरा और दिल्ली में विभिन्न गोदामों में छापे मारे। वहां से उन्हें 348 प्राचीन प्रतिमाएं, तलवारें, कटार, ढालें, संगमरमर के पैनल, पत्थर के खंभे सहित पेंटिंग मिली थीं।
थाने में रखी कुछ मूर्तियां इतनी बड़ी हैं कि इन्हें 5 से 6 लोग मिलकर ही उठा सकते हैं।
सब्जी-फल वाला बनकर की थी रेकी
घीया के घर पर ये कार्रवाई करीब एक साल की जांच के बाद की गई थी। पुलिसकर्मियों ने घीया व उसके घर की रेकी सब्जी-फल वाला बनकर की थी। जांच में सामने आया था कि घीया कई साल से बेशकीमती प्रतिमाओं को देश से चुराकर विदेश में बेच रहा था। जब्त की गई सभी चीजें बेशकीमती थीं। उसके 16 साथियों को भी गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ कर देशभर से चुराई मूर्तियां एक-एक कर बरामद कर लाना शुरू किया गया था। इसके बाद विद्याधर नगर थाने में बेशकीमती प्रतिमाओं का अम्बार लग गया। इनमें से कुछ मूर्तियों को मिट्टी में गड्ढा खोदकर छिपाया गया था।
पुरातत्व विभाग को दिया सरंक्षण का आदेश
घीया को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। विद्याधर नगर में जब्त प्राचीन मूतियों को लेने के लिए कई धर्मिक लोगों ने कोर्ट में अर्जी भी लगाई थी। अंतरराष्ट्रीय मूर्ति तस्कर गैंग ने पूछताछ में देश के सांस्कृतिक-ऐतिहासिक धरोहरों में 900 स्थान पर चोरी करना बताया था। पुलिस चोरी के बताए गए स्थानों को चिह्नित नहीं कर पाई कि कौन-सी जगह से कौन-सी प्रतिमाएं चुराई गई हैं। इस आधार पर अर्जी लगाने वालों को मूर्तियों देने से मना कर दिया गया। जांच करवाने पर पता चला कि ये प्रतिमाएं 1300 से 1400 साल पुरानी हैं। साल- 2014 में हाईकोर्ट ने वामन नारायण घीया की सजा रद्द कर दी। कोर्ट ने जब्त प्रतिमाओं को पुरातत्व विभाग को सौंपकर इनका संरक्षण करने का आदेश दिया था।
मूर्तियों को मंदिर से उखाड़ा गया है। इसलिए ये मूर्तियां क्षतिग्रस्त स्थिति में मिली थीं।
करोड़ों की मिली धरोहर इस मामले में विद्याधर नगर थाने की पत्रावली में 49 जब्तियां बनाई गई थीं। जब्तियों में 348 प्रतिमाएं, 73 पेंटिंग्स, 100 हथियार और 353 अन्य वस्तुएं लिखी हुई हैं। विद्याधर नगर थाने में जब्त चीजों की संख्या करीब 900 है। इनमें मूर्तियां, तलवार, कटार, स्तम्भ, शिला, अष्टधातु, कपड़े, पेटिंग, फोटोग्राफ, पत्रावली व डायरियां भी शामिल हैं। साल-2003 में घीया को गिरफ्तार करने के दौरान उसके घर से भारतीय व दक्षिण-पूर्व एशियाई कला के 4 कैटलॉग मिले थे। इनमें भारत की हजारों प्राचीन वस्तुओं की सूची थी। घीया ने लगभग 700 प्राचीन वस्तुओं को चिह्नित किया था। इनमें खजुराहो की प्रतिमाओं के टुकड़े भी शामिल थे। इनकी कीमत तब करीब 6 करोड़ रुपए थी। वहीं, 1 करोड़ रुपए की पेंटिंग्स भी थीं।
आज भी विद्याधर नगर थाना थाने में रखी कुछ प्रतिमाएं इतनी वजनी है, जिसे उठाने के लिए भी 5-6 लोगों को लगना पड़ेगा। इनकी कीमत का अनुमान लगाना मुश्किल है।
अलग-अलग तरह के पत्थरों से बनी हैं मूर्तियां।
थाने से भेज गए तीन लेटर
22 नवम्बर 2023 को पुलिस की ओर से पुरातत्व विभाग को लेटर भेजा गया था। उसके बाद 27 जून 2024 को दूसरा लेटर भेजकर प्रतिमाओं को संरक्षित करने के लिए कहा गया था। तीसरा लेटर 8 जुलाई 2024 को पुरातत्व विभाग को भेजा। अब सचिवालय की ओर से 17 जुलाई 2024 को प्रतिनियुक्त नियुक्त करने के लिए पुरातत्व विभाग को लेटर भेजा गया है।
म्यूजियम बनाकर रखनी थी धरोहर
SHO (विद्याधर नगर) राकेश ख्यालिया ने बताया- कोर्ट ने अपने अंतिम आदेश में कहा था कि पुरातत्व विभाग को सौंपकर इनका संरक्षण कराया जाए। इस विषय पर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। नवम्बर-2023 से अब तक तीन बार पुरातत्व विभाग को लेटर भेजा जा चुका है। विधानसभा में पिछले दिनों बहुमूल्य मूर्तियों के संरक्षण को लेकर प्रश्न उठा था।
8 जुलाई को प्रशासन ने पुरातत्व विभाग को लेटर लिखकर प्रतिनियुक्त नियुक्त करने की कहा है। पुरातत्व विभाग की ओर से थाने में जब्त मूर्तियों की जल्द नाप-जोख और फोटोग्राफी करवाने की बात कही गई है। विधाधर नगर थाने में जब्त मूर्तियों में करीब 50 प्रतिशत खण्डित हैं। पुरातत्व विभाग की ओर से बहुमूल्य मूर्तियों को संरक्षित कर म्यूजियम बनाकर लोगों को दिखाने के लिए रखा जाएगा।
[ad_2]
Source link