
कु. पुष्पांजलि के खाते में नौ हजार और श्रद्धा कुमारी के खाते में भेजे पांच हजार रुपये
प्रयास सामाजिक सेवा समिति के सदस्य शशांक भाटिया का सार्थक प्रयास
चोपन, सोनभद्र। समाज से सहयोग समाज के लिए की अवधारणा से सेवा कार्य कर रही सामाजिक संस्था प्रयास सामाजिक सेवा समिति के सक्रिय सहयोगी सदस्य शशांक भाटिया का सार्थक प्रयास उस समय सार्थक सिद्व हुआ जब चोपन क्षेत्र की दो बेटियों की शिक्षा में सहयोग प्रदान करते हुए संस्था SKYOS ब्राइट फ्यूचर फाउंडेशन पंजाब के डायरेक्टर गौरव लूथरा ने सहयोग का हाथ बढ़ाया।
बेटियों की शिक्षा में सहयोग करते हुए श्री लूथरा ने कहा कि जब बेटियां पढ़ लिख कर समाज में अपना योगदान करेंगी तो परिवार- समाज और देश का विकास होगा। संस्था जरूरत मंद बेटियों की शिक्षा में सहयोग हेतु तत्पर है। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों प्रयास सामाजिक सेवा समिति के सक्रिय सहयोगी सदस्य और टैक्स ऋषि के संस्थापक शशांक भाटिया के सार्थक प्रयास से संस्था SKYOS ब्राइट फ्यूचर फाउंडेशन पंजाब ने बेटियों की शिक्षा में सहयोग हेतु मदद का हाथ बढ़ाया और इस क्रम में विन्ध्य कन्या महाविद्यालय सोनभद्र में बीएससी कर रही छात्रा कु. पुष्पांजलि को द्वितीय वर्ष के वार्षिक शुल्क हेतु नौ हजार रुपये और गुरुद्वारा इंटर कालेज चोपन में हाईस्कूल कर रही छात्रा श्रद्धा कुमारी के बैंक खाते में पांच हजार रुपये वार्षिक शुल्क हेतु सहयोग स्वरूप प्रेषित किये।
संस्था के यशस्वी डायरेक्टर गौरव लूथरा द्वारा प्रदान किये गए इस सहयोग हेतु छात्राओं, परिजनों एवं प्रयास सामाजिक सेवा समिति ने आभार व्यक्त किया है।










