रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर(सोनभद्र)सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा जन जन में जागरूकता अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है।थानाध्यक्ष राजेश सिंह स्वयं मोर्चा संभालते हुए ग्रामीणों और राहगीरों को सरकार के महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।थानाध्यक्ष ने थाने के सामने लगे नए सूचना बोर्डों के माध्यम से बताया कि राहवीर योजना के तहत यदि कोई व्यक्ति किसी सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर(दुर्घटना के पहले एक घंटे) के भीतर अस्पताल पहुंचाता है तो उसे राहवीर कहा जाएगा।घायल की मदद करने वाले व्यक्ति को सरकार की ओर से ₹5,000 से ₹25,000 तक पुरस्कृत किया जाएगा।राहवीर को पुलिस या कोर्ट के चक्कर नहीं काटने होंगे।उनसे पूछताछ के नाम पर उत्पीड़न नहीं किया जाएगा।मददगार व्यक्ति अपनी पहचान साझा करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है। राजेश सिंह ने ग्रामीणों को कैशलेस योजना के बारे में भी विस्तार से समझाया।दुर्घटना में घायल व्यक्ति का इलाज दुर्घटना की तारीख से अधिकतम 7 दिन तक ₹1.5 लाख तक मुफ्त किया जाएगा।इस सुविधा का लाभ लेने के लिए पीड़ित को दुर्घटना के 24 घंटे के भीतर पैनल अस्पताल में भर्ती होना अनिवार्य है।यह उपचार केवल आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में ही प्राप्त होगा।प्रभारी निरीक्षक ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे किसी भी सड़क दुर्घटना की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल घायल की मदद करें और स्थानीय थाने से संपर्क करें।पुलिस का यह प्रयास न केवल लोगों को जागरूक कर रहा है बल्कि आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास को भी मजबूत कर रहा है।सड़क किनारे लगाए गए ये सूचना बोर्ड अब राहगीरों के लिए मार्गदर्शक का काम कर रहे हैं जिससे भविष्य में दुर्घटना के समय त्वरित सहायता मिलने की उम्मीद जगी है।










