अक्षय तृतीया पर विशेष आयोजन, परशुराम जयंती पर दिखा उत्साह
चोपन/सोनभद्र।
सिंदुरिया स्थित शिव मंदिर प्रांगण में उस समय भक्ति और श्रद्धा के रंग से सराबोर हो उठा, जब केन्द्रीय ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में भगवान परशुराम जयंती बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का नेतृत्व पं. विधाशंकर पांडेय ने किया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों व ग्रामीणों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। वैशाख शुक्ल तृतीया, जिसे अक्षय तृतीया के नाम से जाना जाता है, के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न हुआ। पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम के चरणों में नमन कर धर्म, साहस और न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। भगवान परशुराम, जिन्हें भगवान विष्णु का छठा अवतार माना जाता है, केवल एक देवता ही नहीं बल्कि सत्य और पराक्रम के जीवंत प्रतीक हैं। उनके जीवन की गाथाएं आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और धर्म की रक्षा करने की प्रेरणा देती हैं। मान्यता है कि भगवान शिव से प्राप्त उनका दिव्य फरसा शक्ति, साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक है। इस धार्मिक आयोजन में उदय नारायण पांडेय, नरसिंह त्रिपाठी, पूर्व प्रधान रामनारायण पांडेय, विशाल पांडेय, सुरेश पांडेय, संजीव त्रिपाठी, काली मंदिर पुजारी मनीष तिवारी, सचिन तिवारी, जनार्दन बसवार, नागेश सिंह, रामू जायसवाल, दिनेश कुमार, सोनू मदनवाल, श्याम सुंदर मदनवाल, अशोक मिश्रा, अशोक पांडेय, गोविंद राम चौबे, प्रेम शंकर पांडेय, नागेंद्र पांडेय, विजय पांडेय, कमलेश गिरी, भागीरथी मदनवाल, विकास पटेल, श्रीनाथ पांडेय, अभिषेक, राधारमण पांडेय सहित अनेक गणमान्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, लेकिन श्रद्धा और भक्ति की वह छवि लंबे समय तक लोगों के मन में बस गई।










