रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर ( सोनभद्र ) एनटीपीसी रिहंद परियोजना के प्रशासनिक भवन एवं सर्विस बिल्डिंग स्टेज-1 में नववर्ष 2026 का स्वागत हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में केक काटकर किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख (रिहंद) अनिल श्रीवास्तव ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सभी को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 एनटीपीसी रिहंद स्टेशन के लिए उपलब्धियों से परिपूर्ण रहा है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से परियोजना ने उत्पादन, कार्य संस्कृति एवं विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति किया है।
उन्होंने यह भी बताया कि विद्युत उत्पादन के पारंपरिक क्षेत्रों के साथ-साथ एनटीपीसी हरित एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2030 तक 60 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे प्राप्त करने के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत है।
नववर्ष के स्वागत की श्रृंखला में त्रिवेणी एवं कल्याण केंद्र में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों और उल्लासपूर्ण माहौल के बीच सभी ने नववर्ष 2026 का स्वागत आशा, उत्साह और नई ऊर्जा के साथ किया।










