सोनभद्र के उरमौरा स्थित डायट परिसर में आज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य समारोह का आयोजन हुआ, जहां एक साथ 400 जोड़ों ने वैवाहिक बंधन में बंधकर नई जिंदगी की शुरुआत की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गौड़ मौजूद रहे। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम के साक्षी बने। समाज कल्याण राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में एक बड़ी सहारा साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सरकार की ओर से प्रत्येक जोड़े को एक लाख रुपये की मदद दी जाती है। समारोह में मंत्री संजीव गौड़ ने स्वयं कन्यादान कर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद भविष्य की कामना की।
उरमौरा के डायट परिसर में हुआ ये सामूहिक विवाह समारोह जिले का सबसे बड़ा आयोजन माना जा रहा है। कुल 400 जोड़ों की शादी रीति-रिवाज और परंपरागत विधि-विधान के साथ कराई गई। इसमें 395 जोड़े हिंदू समाज से और 5 जोड़े मुस्लिम समुदाय से शामिल हुए, जो इस योजना की समावेशी सोच और सामाजिक सौहार्द की झलक भी पेश करता है। योजना के तहत मिलने वाली एक लाख रुपये की सहयोग राशि में 60 हजार रुपये सीधे नवविवाहित जोड़ों के बैंक खातों में भेजे गए। वहीं 25 हजार रुपये का घरेलू सामान और 15 हजार रुपये विवाह आयोजन की व्यवस्थाओं पर खर्च किए गए। पूरे कार्यक्रम में सुरक्षा, भोजन, मंडप व्यवस्था और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को लेकर प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे। परिजनों ने भी इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल आर्थिक बोझ को काफी कम कर देती है।











