चोपन। श्री श्री रेलवे रामलीला समिति चोपन के तत्वाधान में चल रही रामलीला के दूसरे दिन का मंचन मंगलवार की रात धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री शारदा आदर्श रामलीला मंडल मैहर के कलाकारों ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग का सजीव मंचन कर उपस्थित दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। राम जन्म के प्रसंग पर पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। आकर्षक साज-सज्जा, भव्य मंच और जीवंत अभिनय ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। इस दौरान रामलीला समिति के अध्यक्ष राजन जायसवाल ने कहा कि रामलीला मात्र एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजन से समाज में धर्म, सत्य और मर्यादा के मूल्यों की स्थापना होती है। उन्होंने समिति की ओर से दर्शकों और सहयोगियों का आभार भी व्यक्त किया। रामलीला स्थल पर नगर के गणमान्य नागरिकों सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग का आनंद उठाया। कार्यक्रम का संचालन मनोज चौबे ने किया। इस मौके पर सुनील सिंह, सत्यप्रकाश तिवारी, नागेश सिंह, अशोक सिंघल,राजू चौरसिया, रामकुमार सोनी,बद्री सिंह,अमर शर्मा, अरविंद श्रीवास्तव, रिंकू अग्रहरी,शुभम चौरसिया, विकास सिंह छोटकू आदि मौजूद रहे वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह, कस्बा इंचार्ज आर एस शर्मा पुलिस बल के साथ चाक चौबंद रहे|











