रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र) थाना क्षेत्र के अधौरा (सिरसोती) में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाईवा ने सड़क पार कर रहे एक अधेड़ व्यक्ति को कुचल दिया जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई । हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ व गुस्साए स्थानीय लोगों ने हाइवा चालक की लापरवाही को इस हादसे का जिम्मेदार ठहराया व मुआवजे की मांग किया ।
जानकारी के अनुसार श्याम नारायण पुत्र स्वर्गीय जगदीश (56) निवासी सिरसोती, अपनी पत्नी के साथ रहते थे शुक्रवार की शाम किसी काम से वे बाजार गए थे लौटते समय सिरसोती में अधौरा के पास, एनटीपीसी के राख परिवहन में लगे एक हाईवा के चपेट में आकर हादसे का शिकार हो गए व गंभीर रूप से जख्मी हो गए । हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ उन्हें आनन फानन में एनटीपीसी रिहंद परिसर स्थित धन्वंतरी चिकित्सालय पहुंचाया जहां इलाज का दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया । सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार को अन्त्य परीक्षण हेतु दुद्धी भेज दिया । पति की मौत की खबर से बेहाल होकर रोती बिलखती मृतक पत्नी रामसखी ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग किया है । इधर हादसे से गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि राख परिवहन में लगी गाड़ियां रोड पर मौत बनकर चलती हैं आए दिन हादसे में लोग अपनी जान गंवाते हैं फिर भी प्रबंधन व प्रशासन द्वारा सड़क पर इनकी तेज रफ्तार को नियंत्रित करने और सुरक्षा के ठोस उपाय नहीं किए जाते हैं जबकि यहां से रोजाना सैकड़ो गाड़ियां गुजरती हैं । फिलहाल शव को अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया गया है व घटना में प्रयुक्त हाइवा को थाने खड़ा करवा लिया गया है ।










