शिल्पी-कुड़ारी मार्ग पर रोडवेज बस सेवा शुरू
घोरावल। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार शिल्पी-कुड़ारी मार्ग पर मंगलवार से रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई। इससे शक्तिपीठ कुड़ारी धाम से मिर्जापुर आने-जाने वाले यात्रियों को अब बड़ी सुविधा मिलेगी।
बताया गया है कि सोन नदी पर पुल का निर्माण पूरा होने और आवागमन शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों की मांग पर इस मार्ग पर बस सेवा का संचालन किया गया। मंगलवार सुबह पहली बस सेवा का शुभारंभ किया गया। यह बस सुबह 7 बजे कुड़ारी धाम से मिर्जापुर के लिए रवाना होगी और शाम 5 बजे मिर्जापुर से कुड़ारी धाम के लिए लौटेगी।
यह बस सेवा कुड़ारी, दौला, घोरावल, महुअर आदि मार्ग होते हुए मिर्जापुर पहुंचेगी। सीधी बस सेवा मिलने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। उनका कहना है कि लंबे समय से इस मार्ग पर सीधी बस सेवा की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई।
इससे न केवल समय और यात्रा की बचत होगी बल्कि लोहंडी, गुरसंडी, शिल्पी, रिजुल, कदरा, कोरट, दीवा समेत लगभग 30 गांवों के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
👉 बसों में पैसेंजर सुरक्षा के लिए पैैनिक बटन भी लगाए गए हैं। पांच बसों में बटन खराब हो जाने की जानकारी दी गई है। संबंधित संस्थान को इसकी मरम्मत के लिए पत्र भेजा गया है।











