शक्ति पाल
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज में बीती रात्रि अराजक तत्वों ने एक शिव मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया। सुबह जब लोग मंदिर पहुंचे, तो टूटी मूर्ति देखकर हैरान और दुखी हो गए। घटना के बाद लोगों में गुस्सा है, लेकिन पुलिस ने समझदारी से हालात को संभाला है। घटना रॉबर्ट्सगंज के अंबेडकर नगर चौराहे की है, जहां शिव मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित थी। बीती रात किसी ने मूर्ति को तोड़ दिया। सुबह जब लोग पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तो मूर्ति जमीन पर गिरी हुई थी। हनुमान जी का हाथ, मुकुट और पर्वत सब टूटे हुए थे। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग, और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी मौके पर पहुंचे। माहौल तनावपूर्ण था, लेकिन कस्बा चौकी प्रभारी शिव कुमार सिंह ने सभी को समझाया और शांत करवाया। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी और आरोपियों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसी बीच मंदिर के पास एक परचून की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने 1500 रुपये और कुछ सामान भी चुरा लिया। भाजपा नेता धर्मवीर तिवारी ने कहा कि ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और पुलिस को गश्त बढ़ानी चाहिए ताकि ऐसी हरकतें दोबारा न हो सकें।











