
बीजपुर ( सोनभद ) पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बीजपुर पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दो अलग-अलग विवादों में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बीजपुर पुनर्वास प्रथम में एक बारात के दौरान भोजन करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया था। वहीं ग्राम अंजानी में कुएं से पानी भरने को लेकर दो पक्षों में लंबे समय से तनाव चला आ रहा था। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर दोनों स्थानों पर पक्षकारों के बीच कहासुनी बढ़कर गाली-गलौज और मारपीट की स्थिति बनने लगी।
पुलिस द्वारा समझाने-बुझाने के प्रयास के बावजूद स्थिति नियंत्रित न होने पर शांति भंग की आशंका के मद्देनजर चारों आरोपियों—रामअशोक (30 वर्ष), सूरज गुप्ता (20 वर्ष) निवासी बीजपुर पुनर्वास प्रथम तथा गोपाली शर्मा (42 वर्ष) व मानमति (40 वर्ष) निवासी ग्राम अंजानी—को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों की गिरफ्तारी बुधवार को की गई जिसके बाद सभी को माननीय न्यायालय दुद्धी भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शिवमोहन राम, आरक्षी संजय कुमार व महिला आरक्षी प्रियंका कुमारी शामिल रहीं।









