उपेंद्र तिवारी

दुद्धी, सोनभद्र। सप्ताह भर पहले दुद्धी नगर पंचायत द्वारा अवैध होर्डिंग्स अभियान चलाकर हटाए गए थे लेकिन सप्ताह भर बाद ही फिर से नगर में बैनर होर्डिंग की भरमार शुरू हो गई हैं।
नगर पंचायत द्वारा केवल एक सप्ताह पूर्व ही शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सभी अवैध होर्डिंग्स और पोस्टर को हटा दिया गया था, लेकिन प्रशासन की सख्ती के चंद दिनों बाद ही स्थिति पुनः पहले जैसी होती दिख रही है।
क्या है पूरा मामला?
एक हफ्ते पहले नगर पंचायत ने शहर की सुंदरता को बनाए रखने के लिए एक विशेष अभियान चलाया था। इस दौरान खंभों, दीवारों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे सभी अवैध बैनर और होर्डिंग्स को पूरी तरह हटा दिया गया था। उस समय लोगों को उम्मीद थी कि अब शहर का नजारा साफ-सुथरा रहेगा।
हालांकि, यह राहत कुछ ही दिनों की साबित हुई। अब शहर के विभिन्न हिस्सों में फिर से व्यावसायिक और शिक्षण संस्थानों के होर्डिंग्स लगाए जाने लगे हैं।
तस्वीर बयां कर रही है हकीकत
हाल ही में सामने आई तस्वीरों में स्पष्ट देखा जा सकता है कि बिजली के खंभों और सार्वजनिक स्थानों पर फिर से बड़े-बड़े विज्ञापन लगा दिए गए हैं। इनमें ‘डायमंड फर्नीचर हाउस’ और ‘सोनंचल इंटर कॉलेज’ जैसे संस्थानों के बोर्ड शामिल हैं, जो यह दर्शाते हैं कि प्रशासन के आदेशों और की गई कार्रवाई का स्थानीय लोगों पर कोई विशेष असर नहीं हुआ है।
नागरिकों में नाराजगी
शहर के जागरूक नागरिकों ने इस पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि नियमों का मजाक बनाया जा रहा हैं।जब प्रशासन कोई ठोस कदम उठाता है, तो उसे कुछ ही दिनों में बेअसर कर दिया जाता है।










