रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर ( सोनभद्र ) स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत पिंडारी ग्राम पंचायत के टोला बरईडांड में सोमवार को एक किशोरी की बंधी में डूबने से मौत हो गई ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 वर्षीय प्रीति पुत्री शिव प्रसाद, निवासी किरबिल अपने नाना के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने पिंडारी ग्रामपंचायत के टोला बरईडांड आई हुई थी कार्यक्रम बीत जाने के बाद अपनी नानी की सेवा हेतु वह नानी के पास ही रुक गई। सोमवार को घर के बगल में स्थित बंधी में वह कुछ बच्चों के साथ खेलने चली गई इसी दौरान खेलते खेलते वह गहरे पानी में चली गई उसे डूबता देख अन्य बच्चों ने शोर मचाया तो परिजन दौड़े व आनन फानन में उसे निकालकर म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां जांच उपरांत डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया । मौत की खबर लगते ही मासूम के परिजनों में कोहराम मच गया परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही बच्ची के नाना की मौत हुई थी अब बच्ची की मौत से परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा । इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया ।









