मिलिंद कुमार
शाहगंज/घोरावल क्षेत्र के राजपुर गांव में लघु सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित कुआं दो दिन की बारिश में ही ढह गया। यह कुआं किसान रमेश के खेत में बनाया गया था।
मार्च में शुरू हुए निर्माण कार्य में कई खामियां सामने आई हैं। कुएं की गहराई निर्धारित 40 फीट के बजाय केवल 35 फीट की गई। ठेकेदार ने मई की शुरुआत में ही काम छोड़ दिया। कुएं की दीवारों की मजबूत जुड़ाई नहीं की गई और घटिया सीमेंट का प्रयोग किया गया।
कुएं के चारों ओर सुरक्षा के लिए जगत का निर्माण भी नहीं किया गया। पिछले दो दिनों की लगातार बारिश से कुएं में पानी भर गया। पानी के दबाव से कमजोर दीवारें नहीं टिक सकीं और कुआं ढह गया। इससे आसपास कीचड़ फैल गया है और पानी नाले की तरह बह रहा है।
अब यह क्षेत्र लोगों और पशुओं के लिए खतरनाक हो गया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस मामले की जांच की मांग की है। उनकी मांग है कि दोषी ठेकेदार और अभियंताओं पर कार्रवाई की जाए। विभाग द्वारा धन का भुगतान कर दिया गया है, लेकिन काम अधूरा और घटिया क्वालिटी का है।











