घोरावल सोनभद्र घोरावल ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल में चल रहे वेदगान और सामान्य वेदगायन कार्यशाला के षष्ठम दिवस के मुख्य अतिधि खण्ड शिक्षा अधिकारी अरविंद पटेल और विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र कुमार मानव रहे। कार्यशाला का प्रारम्भ मुख्य अतिथि ने मां वीणापाणि के चित्र पर माल्यार्पण व दीपप्रज्ज्वलन कर किया। अतिथियों का स्वागत कार्यशाला के जनपदीय समन्वयक दीनबन्धु त्रिपाठी ने तिलक,माल्यार्पण, बैज अलंकरण व अंगवस्त्रम प्रदान कर किया। जनपदीय समन्वयक ने बताया आज कार्यशाला के छठवें दिन छात्रों को रूद्राष्टक,महामृत्युंजय मंत्र,गायत्री मंत्र के बारे में बताया जायेगा व संगीतमय गायन का अभ्यास होगा। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा जनपद में मात्र घोरावल में यह कार्यशाला चल रही है,इस कार्यशाला में आकर मुझे अपने बचपन की याद आ गयी ,मैं जिस स्कूल में पढता था वहां ग्यारह मंत्रों के साथ प्रार्थना होती थी। आज बच्चों ने जिन मंत्रों का गायन किया है मैं अभिभूत हूं। चीजें पीछे छूट गयी थी,विस्मृत हो गयी थी,जो इस कार्यशाला के माध्यम से बच्चों के अन्दर नवीन चेतना का संचार कर रही है। विशिष्ट अतिथि मानव ने कहा वेद बुराई और ब्यसनों.से हमें बचाते हैं,आइये आप संकल्प लें कि हम कभी नशा नहीं करेंगे और न ही अपने घरवालों को करने देंगे। मुख्य प्रशिक्षक विनोद तिवारी ने अपने नेतृत्व में सहायक प्रशिक्षक अशोक चौबे व आनन्द जी के साथ आज के विषय को पूर्ण तन्मयता के साथ ऊंचाई पर पहुचाया।वातावरण वेदमंत्रों से पवित्र और स्निग्ध हो गया।इस अवसर पर संतोष तिवारी, संतोष सिंह,तमाम अभिभावक व ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल के अध्यापक मौजूद रहे।कार्यशाला में आये हुए अतिथियों का आभार प्रदर्शन व धन्यवाद ज्ञापन ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल के मैनेजिंग डाइरेक्टर अनुराग पाण्डेय ने किया। बताते चलें कि संस्कृति विभाग उत्तरप्रदेश के तत्वावधान में अन्तर्राष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान अयोध्या के निर्देशन में संस्कार भारती व एडूलीडर्स के सहयोग से रामायण अभिरूचि कार्यशाला के अन्तर्गत वेदगायन व सामान्य वेदज्ञान कार्यशाला चल रही है।कार्यशाला में कुल एक सौ पच्चीस बच्चे प्रतिभाग कर रहे हैं।











