
मिलिन्द कुमार
घोरावल सोनभद्र घोरावल की खुटहा सब्जी मंडी में स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपनी जनता पार्टी के तत्वाधान में संविधान सम्मान व जनहित हुंकार यात्रा के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने महात्मा बुद्ध और बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
मौर्य ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों से देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। सरकारी विभागों का निजीकरण हो रहा है। सरकारी भर्तियां नहीं हो रही हैं। आरक्षण नीति का पालन नहीं किया जा रहा है।
किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि न तो लाभकारी मूल्य मिल रहा है और न ही समर्थन मूल्य की घोषणा हुई है। छुट्टा जानवरों से फसलें बर्बाद हो रही हैं। अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
मौर्य ने मीडिया पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज के कुछ पत्रकार बन्धु बिके हुए हैं। वे सरकार का गुणगान कर रहे हैं। यूपी सरकार ने 2700 प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए, लेकिन किसी ने यह खबर नहीं छापी।
उन्होंने पुरानी पेंशन बहाली, ईवीएम की जगह बैलेट पेपर, सरकारी संस्थानों का निजीकरण रोकने और महंगाई नियंत्रण की मांग की। कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश कुमार मौर्य ने किया।










