रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र) बीजपुर में आयोजित रात्रिकालीन प्रीमियर लीग सर्किल क्रिकेट टूर्नामेंट इस बार खेल से ज्यादा विवादों को लेकर चर्चा में रहा। पूरे आयोजन के दौरान निष्पक्षता पर सवाल उठते रहे, वहीं शुक्रवार को हालात तब बिगड़ गए जब सेमीफाइनल मैच में अंपायरिंग को लेकर बैढन टीम ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए बीच मैदान से ही मैच छोड़ दिया।
खिलाड़ियों और दर्शकों ने आरोप लगाया कि टूर्नामेंट में नियमों की अनदेखी की गई और कुछ मौकों पर नशे की हालत में निर्णय लिए गए, जिससे खेल की गरिमा प्रभावित हुई। सेमीफाइनल के बाद फाइनल से पहले ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और दर्शकों ने जमकर विरोध किया।
स्थिति बेकाबू होते देख आयोजन समिति ने बिना फाइनल मुकाबला कराए ही डोडहर टीम को विजेता घोषित कर दिया, जिससे आक्रोश और बढ़ गया। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।










