
चोपन। रेलवे रामलीला मैदान में रेलवे एससी-एसटी एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को टीचर टीम एवं रेलवे सुपरवाइजर टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में टीचर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि सहायक मंडल अभियंता चोपन तथा विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली रहे। वहीं अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य सुनील सिंह गोंड उपस्थित रहे। मैच प्रारंभ होने से पूर्व राष्ट्रगान हुआ तथा अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद टॉस हुआ, जिसमें रेलवे सुपरवाइजर टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। रेलवे सुपरवाइजर टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 61 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीचर टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और मैच जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। रेलवे सुपरवाइजर टीम के कप्तान सूरज कुमार ने कहा कि दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और सभी खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं। टीम के कोच आईओडब्ल्यू आर.बी. पॉल एवं वाइस कोच विद्युत इंचार्ज एम.पी. सिंह ने कहा कि अगले वर्ष उनकी टीम और बेहतर रणनीति एवं दोगुने उत्साह के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने टूर्नामेंट आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए दोनों टीमों को खेल भावना के साथ खेलने के लिए बधाई दी। इस अवसर पर ईसीआरकेयू रेलवे यूनियन अध्यक्ष वी.के.डी. द्विवेदी, एससी-एसटी एसोसिएशन के सचिव मनीष कुमार, अध्यक्ष एस.के. भारती, भाजपा कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप अग्रवाल, समाजसेवी संजय जैन, सपा प्रदेश सचिव नजमुद्दीन इदरीसी, स्टेशन अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार सहित रेलवे, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विजेता टीम के कप्तान धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह टूर्नामेंट आपसी सौहार्द, मनोरंजन और भाईचारे का प्रतीक है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन होना चाहिए। टूर्नामेंट के मीडिया प्रभारी एवं कमेंट्रेटर शाकिब खान ने पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वास्थ्य निरीक्षक टीम, नगर पंचायत चोपन, प्रशासन, मीडिया कर्मियों, विभिन्न संगठनों तथा खेल प्रेमियों एवं क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया।









