उपेन्द्र तिवारी

बभनी (सोनभद्र ) बभनी थाना क्षेत्र के बैना गांव में बुधवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गांव की पूरब बस्ती में अखंड हरि कीर्तन से घर लौट रहे 48 वर्षीय जमुना धरकार की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में मातम पसर गया।मिली जानकारी के अनुसार, बैना गांव के पुराने शिव मंदिर परिसर में अखंड हरि कीर्तन का आयोजन हो रहा था। देर रात जमुना अपने साथी पंकज कुमार के साथ कीर्तन गायन मे पहुंचा था। देर रात जब दोनों वापस घर लौट रहे थे, तभी मंदिर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित कुएं में जमुना गिर गया।जमुना के गिरते ही उसके साथी पंकज ने शोर मचाया, जिसे सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना पाकर डायल 112 की टीम भी घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने लोहे के जुगाड़ और रस्सियों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक जमुना की सांसें थम चुकी थीं। मृतक के साथी पंकज कुमार ने बताया कि कुएं के पास जाने से पहले दोनों ने शराब और गांजा का सेवन किया था। मृतक की मां, बचनी देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पंकज ही उनके बेटे को रात में घर से बुलाकर ले गया था। उन्हें इस घटना में साजिश की आशंका है।वही प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया की शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर दिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।










