रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र) हिन्दू नव वर्ष एवं चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन बीजपुर प्रखंड में शौर्य दिवस के उपलक्ष्य में विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में एक भव्य एवं विशाल बाइक शोभायात्रा निकाली गई। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पूरे क्षेत्र को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत एनटीपीसी रिहंद परियोजना के स्वागत द्वार से हुई, जहां से डीजे की धुन पर दुपहिया वाहनों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल युवाओं और कार्यकर्ताओं ने “जय श्रीराम”, “भारत माता की जय” और “हर-हर महादेव” जैसे नारों के साथ वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। शोभायात्रा में नगर एवं प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही।
प्रखंड अध्यक्ष यशवंत सिंह ने बताया कि शौर्य दिवस के अवसर पर यह शोभायात्रा प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है, जिसका उद्देश्य हिन्दू समाज में जागरूकता फैलाना और हिन्दू नव वर्ष के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि “हमें अपनी परंपराओं और संस्कृति के अनुरूप हिन्दू नव वर्ष को ही प्रमुखता से मनाना चाहिए, यही इस आयोजन का मुख्य संदेश है।”
यह भव्य जुलूस एनटीपीसी रिहंद परियोजना के स्वागत द्वार से निकलकर नेमना, चेतवा, जरहा होते हुए सेवकाडांड़ पहुंचा, जहां यह एक विशाल सभा में परिवर्तित होकर समाप्त हुआ । सभा स्थल पर विभिन्न स्थानों से पहुंचे कार्यकर्ताओं एवं हिन्दू जनसमुदाय को विश्व हिन्दू परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संबोधित किया। वक्ताओं ने हिन्दू संस्कृति, एकता और सामाजिक जागरूकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला मंत्री उपेंद्र प्रताप सिंह, अरविंद सिंह, ताराचंद गुर्जर, सुनील तिवारी, रोहित सिंह बघेल, ईश्वरी प्रसाद, राजेशकांत गुर्जर, प्रेमलाल, कृष्ण बिहारी, अनिल वर्मा, अनिल त्रिपाठी, तारकनाथ दुबे, अजय पटेल, नारायण दास गुप्ता, चंदन गुप्ता एवं राजेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे ।।









