रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र) आगामी ईद और दुधईया मंदिर प्रांगण में होने वाले राम कथा को लेकर रविवार की सुबह स्थानीय थाना प्रांगण में शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक बीजपुर राजेश सिंह ने की, जिसमें विभिन्न संप्रदायों के सम्मानित जन और स्थानीय गणमान्य उपस्थित रहे।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक ने आगामी राम कथा और कलश यात्रा के आयोजन संबंधी जानकारी ली और स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन, आपत्तिजनक या उत्तेजक नारों की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने उपस्थित जन समुदाय से त्योहारों को सहज और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की और चेतावनी दी कि शासनादेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बेड़िया हनुमान मंदिर के महंत मदन गोपाल दास जी ने बताया कि कलश यात्रा 18 मार्च को स्वागत गेट से शुरू होकर परियोजना के इंटेक वेल तक जाएगी व जल लेकर मंदिर में समाप्त होगी। वहीं, विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष यशवंत सिंह ने बताया कि 19 मार्च को चैत्र नव वर्ष प्रतिपदा पर स्वागत गेट से बख्रिहवाँ चौराहे तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।
आगामी ईद को लेकर इजाजत शेख ने क्षेत्र की ईदगाहों की जानकारी साझा किया और उपस्थितों को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बीजपुर बाजार में उठे जमीनी विवाद पर भी चर्चा करते हुए बताया कि एनटीपीसी के साथ वार्ता जारी है और निर्णय आने तक उस जमीन पर कोई कार्य नहीं किया जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से बेड़िया हनुमान मंदिर के महंत मदन गोपाल दास, विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष यशवंत सिंह, ग्राम प्रधान रजमिलान बद्रीनाथ, भाजपा नेता सुरेंद्र अग्रहरि, खमरिया ग्राम प्रधान इजाजत शेख, मीर हसन, मुख्तार शेख, भोला पांडेय, सुनील तिवारी, ताडक नाथ दुबे,मनीष यादव,राम भजन सिंह सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।









