रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र) बीजपुर के होनहार युवा सौरभ गुप्ता ने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) 2026 में 783वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने माता-पिता बल्कि पूरे क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
सौरभ गुप्ता के पिता रामजी गुप्ता बीजपुर में दवा व्यवसाय से जुड़े होने के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय रहते हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। सौरभ का परिवार लंबे समय से बीजपुर में मेडिकल व्यवसाय से जुड़ा हुआ है।
सौरभ गुप्ता की प्रारंभिक शिक्षा बीजपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी रिहंदनगर से हुई। उन्होंने यहीं से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने आईआईटी पटना से इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की। वर्तमान में वह एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में जूनियर एग्जीक्यूटिव (एटीसी) के पद पर कार्यरत हैं।
यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल कर सौरभ ने क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी इस उपलब्धि पर डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य राजकुमार, शिक्षक अनंत मोहन सहित विद्यालय परिवार और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
सौरभ की सफलता की खबर मिलते ही उनके घर पर सुबह से ही शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों का आना-जाना लगा हुआ है। सभी लोग उन्हें उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दे रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर देश की सबसे कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सौरभ गुप्ता ने यह साबित कर दिया कि लगन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।










