रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र) स्थानीय थाना क्षेत्र के शांति नगर में रविवार सुबह तेज रफ्तार और अनियंत्रित बोलेरो ने जमकर कहर बरपाया। वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चार मवेशी उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिरसोती निवासी एक युवक बोलेरो वाहन से पुनर्वास की ओर जा रहा था। इसी दौरान शांति नगर स्थित बैढ़न बाईपास रोड पर वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे जा रहे कन्हैयालाल पुत्र अशोक पाल, निवासी शांति नगर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कन्हैयालाल सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश में था। इसी हड़बड़ाहट में कुछ दूरी पर उसने सड़क पर मौजूद चार मवेशियों को भी रौंद दिया। इस दुर्घटना में दो मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एनटीपीसी स्थित धन्वंतरी चिकित्सालय में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने सिर में गंभीर चोट को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद युवक को बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है।










