
शादी तय होने के बीच घटना, पुलिस जांच में जुटी
दुद्धी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के झारोकला गांव में गुरुवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि युवक की शादी 25 अप्रैल को तय थी।
जानकारी के अनुसार झारोकला गांव निवासी 29 वर्षीय सवि कुमार, पुत्र स्व. सुखन राम का शव गुरुवार रात झारो और महुअरिया के बीच रेलवे लाइन के पास मिला। घटना की सूचना मृतक के भाई सियाराम द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में ले लिया।
मृतक के भाई सियाराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका भाई कंप्यूटर की दुकान पर ऑनलाइन कार्य करता था। गुरुवार रात उसके मोबाइल पर फोन आने के बाद वह घर से निकला था। कुछ समय बाद जब परिजन उसकी तलाश करते हुए रेलवे लाइन के पास पहुंचे तो उसका शव मिला। इसके बाद तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों के अनुसार मृतक और उसकी मंगेतर के बीच क्या बातचीत हुई थी, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
उधर दुद्धी कोतवाली पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।










