रामप्रवेश गुप्ता
बीजपुर ( सोनभद्र ) स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत बीजपुर–रेणुकूट मुख्य मार्ग पर चेतवा बाजार के समीप मंगलवार की दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें अन्यत्र रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रवि चंद्रा (32 वर्ष) एवं कृष्णा पाल (21 वर्ष), निवासी नेमना, किसी कार्य से छत्तीसगढ़ जा रहे थे। चेतवा बाजार से पहले पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल डायल 112 पीआरबी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एनटीपीसी रिहंद स्थित धन्वंतरी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च उपचार हेतु रेफर कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दूसरी मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि बखरिहवा से बीजपुर तक का सड़क मार्ग इन दिनों अत्यंत जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बावजूद इसके संबंधित विभागों की उदासीनता जस की तस बनी हुई है और जिम्मेदारों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही, जिससे आमजन में रोष व्याप्त है।










