रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र) पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने अपने एकदिवसीय दौरे के दौरान शनिवार को बीजपुर थाने का निरीक्षण किया तथा श्रीराम चौक पर नवनिर्मित महिला सहायता केंद्र ‘पिंक बूथ’ का विधिवत उद्घाटन किया। इससे पूर्व उन्हें थाना परिसर में गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई उन्होंने थाने का निरीक्षण किया व बुजुर्गों एवं असहायों के बीच कंबल वितरण कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया।
श्रीराम चौक पर आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बीजपुर ग्राम प्रधान दशमती गुप्ता एवं दुद्धी क्षेत्राधिकारी राजेश राय ने पुलिस अधीक्षक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा ने महिला जागरूकता एवं सोशल मीडिया सुरक्षा पर विशेष बल देते हुए उपस्थित महिलाओं एवं छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर फर्जी पहचान बनाकर ठगी और ब्लैकमेलिंग की घटनाएँ बढ़ रही हैं, इसलिए सोशल मीडिया का प्रयोग अत्यंत सावधानी से करें।
उन्होंने रॉबर्ट्सगंज की एक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार एक युवती को सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेल किया जा रहा था, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई महिला इस प्रकार की ठगी या ब्लैकमेलिंग की शिकार होती है तो वह तत्काल स्थानीय थाना अथवा महिला सहायता केंद्र से संपर्क करें, पुलिस हर संभव सहायता करेगी।
पुलिस अधीक्षक ने पुरुष समाज से नशाखोरी से दूर रहने एवं बहन-बेटियों का सम्मान करने की भी अपील की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उन्होंने श्रीराम चौक पर तिरंगे का ध्वजारोहण किया।मिशन शक्ति के तहत डीएवी पब्लिक स्कूल एनटीपीसी रिहंदनगर की बारहवीं की छात्रा दीपाली केशरी, दसवीं की छात्रा शैलजा यादव, कीर्ति मिश्रा तथा एनसीसी कैडेट तन्वी तिवारी को पुलिस अधीक्षक के द्वारा पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्वेता त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की महिलाएँ, विभिन्न विद्यालयों की छात्राएँ, संभ्रांत नागरिक, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।










