चोपन/ सोनभद्र। विश्व हिंदू परिषद काशी प्रांत, सोनभद्र विभाग की ओर से शनिवार को चोपन स्थित श्याम मैरेज लॉन में प्रबुद्ध नागरिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में देश की वर्तमान परिस्थितियों और हिंदू समाज की स्थिति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जुलाई 2023 से पहले देश में करीब 13 लाख महिलाएं लापता हुईं, जिनमें लगभग तीन लाख 18 वर्ष से कम उम्र की युवतियां शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि इनमें बड़ी संख्या ऐसे मामलों की है, जिनका संबंध कथित जिहाद से बताया जाता है।
उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद अब तक करीब 10 हजार महिलाओं की सुरक्षित वापसी करा चुकी है।
मुख्य वक्ता ने पौराणिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय सीता के हरण पर रावण का नाश हुआ, वहीं द्रौपदी के साथ दुस्साहस करने वालों का भी वही हश्र हुआ, लेकिन आज स्थिति यह है कि लाखों सीता और द्रौपदी जैसी घटनाएं हो रही हैं और समाज मूकदर्शक बना हुआ है।
मिलिंद परांडे ने जनसांख्यिकीय बदलावों पर चिंता जताते हुए कहा कि देश के तीन राज्यों में हिंदू अल्पसंख्यक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि अरुणाचल प्रदेश में लगभग 40 प्रतिशत आबादी ईसाई, जबकि पश्चिम बंगाल में करीब 30 प्रतिशत आबादी मुस्लिम हो चुकी है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों में हिंदू अल्पसंख्यक स्थिति में पहुंच चुके हैं।
संगोष्ठी में प्रांत उपाध्यक्ष जनकी जी, प्रांत सह संगठन मंत्री सत्यप्रकाश जी, प्रांत संगठन मंत्री नितिन जी, विभाग संगठन मंत्री नरेंद्र जी, विभाग मंत्री राजीव जी सहित जिला अध्यक्ष विद्या शंकर पांडेय, जिला उपाध्यक्ष रेनुकूट गोपाल सिंह, जिला महामंत्री हर्षवर्धन वर्मा, जिला संगठन मंत्री आनंद समेत विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सामाजिक एकता, जागरूकता और संवाद को समय की आवश्यकता बताते हुए समाज को संगठित रहने का आह्वान किया। संगोष्ठी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।











