रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र):रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर शुक्रवार की सुबह घने कोहरे ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। कोहरे की वजह से एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में बस सवार यात्री बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह एक निजी यात्री बस बीजपुर से सवारियां लेकर रेणुकूट की ओर रवाना हुई थी। जैसे ही बस जरहा गांव के पोथी पाथर के पास पहुंची, दृश्यता बेहद कम होने के कारण चालक को सड़क का अंदाजा नहीं मिल सका। इसी बीच बस अनियंत्रित होकर सीधे एक पेड़ से टकरा गई।
टक्कर होते ही बस के भीतर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि बस की गति बहुत अधिक नहीं थी, जिसके कारण बस में बैठी सवारियां सुरक्षित रहीं। राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। बस के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुँचा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्दी के मौसम में इस मार्ग पर सुबह के वक्त विजिबिलिटी (दृश्यता) शून्य के बराबर हो जाती है। पोथी पाथर के पास हुए इस हादसे ने एक बार फिर कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग की चुनौती को उजागर कर दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया और यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने में सहायता की।










