शक्तिपाल रावटर्सगंज

सोनभद्र: सदर कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी में संचालित समाज कल्याण विभाग से अनुदानित वृद्धा आश्रम में गुरुवार की सुबह एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आश्रम के बाथरूम में बुजुर्ग का शव फंदे से लटकता हुआ मिलने के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजवा दिया। करमा थाना क्षेत्र के रानीतारा गांव निवासी 65 वर्षीय राम जीयावन पुत्र स्व. विक्कन प्रजापति करीब सात वर्षों से अपनी पत्नी भगवानी देवी के साथ वृद्धा आश्रम में रह रहे थे। बुधवार की शाम करीब साढ़े सात बजे खाना खाने के बाद रात नौ बजे फोन पर किसी से बात करने बाद सोने चले गए।
इसी बीच रात में करीब ढाई बजे जब उसके पत्नी की नींद खुली तो वह बिस्तर पर नहीं था। काफी देर खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसी बीच सुबह करीब सात बजे आश्रम की एक महिला स्नान के लिए बाथरूम पहुंची, जहां उसने बुजुर्ग का शव फंदे पर झूलता देखा। महिला की तरफ से शोर मचाने पर अन्य लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल घटना की जानकारी आश्रम के लोगों को दी। पुलिस के अनुसार मृतक राम जीयावन की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। घर की माली हालत ठीक न होने के चलते वह पत्नी के साथ वृद्धा आश्रम में रह रहे थे।मृतक के परिवार में एक बेटी और दो बेटे हैं, जिनमें से एक बेटा दिव्यांग बताया जा रहा है। लंबे समय से पारिवारिक और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे राम जीयावन के मानसिक तनाव में रहने की भी चर्चा है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज उमाशंकर यादव ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। घटना के बाद वृद्धा आश्रम में रह रहे अन्य बुजुर्गों में भय का माहौल है। पुलिस कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।










