चोपन, सोनभद्र/नगर के रामलीला मैदान परिसर में आज सुबह 10 बजे से जनपद एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों के इंटर कॉलेजों की छात्राओं के लिए “विकसित भारत @2047” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में चोपन, डाला, ओबरा, राबर्टगंज, पटवट, दुद्धी, रेणुकूट, अनपरा एवं शक्तिनगर के इंटर कॉलेजों की छात्र व छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सभी प्रतिभागियों ने विकसित भारत की परिकल्पना, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, तकनीकी विकास एवं राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत कर उपस्थित आम जन का मन मोह लिया। छात्राओं के प्रभावशाली एवं आत्मविश्वास से भरे भाषणों पर दर्शकों ने तालियों के साथ भरपूर सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ओंकार नाथ केशरी, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा एवं जे एन चौबे वरिष्ठ अधिवक्ता द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश का भविष्य आज की जागरूक, शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटियों के हाथों में सुरक्षित है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
भाषण प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में रचना सूद, संजय सिंहा, अमरीश चंद्र पाण्डेय एवं कविता रॉय ने भाषण की विषयवस्तु, प्रस्तुति, आत्मविश्वास और विचारों की स्पष्टता जैसी बारीकियों का सूक्ष्मता से मूल्यांकन करते हुए प्रथम, भव्या अग्रवाल सेक्ट्रेटहार्ट द्वितीय सुखलिन कौर एवं तृतीय अनन्या द्विवेदी के लिए प्रतिभागियों का चयन किया।
आयोजकों द्वारा प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 11,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 5,100 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 2,100 रुपये निर्धारित किया गया, जिससे प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक संजीव कुमार गुप्ता, जे.एन. चौबे वरिष्ठ अधिवक्ता ,सतीनाथ दास उर्फ मोना सर, राजेश सिंह, सूरज चौबे, रामचंद्र, देवेन्द्र, जूल्लू दादा एवं सेत राम केशरी सहित जनपद के कई शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











