उपेंद्र तिवारी

दुद्धी, सोनभद्र। थाना क्षेत्र के मलदेवा गांव में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बीच-बचाव करने गए एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दिनांक 23 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 11:45 बजे मलदेवा निवासी उमेश पठारी (52 वर्ष) पुत्र दुखी अपने घर से रामलीला मैदान में बिरहा देखने जा रहे थे।
इसी दौरान उनकी चचेरी बहन लालती देवी का दामाद दारा पठारी पुत्र मुन्ना पठारी, निवासी बेलछ सलखन, थाना चोपन शराब के नशे में लालती की मां को गाली-गलौज कर रहा था। शोरगुल सुनकर उमेश मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे, तभी दारा ने बांस के टुकड़े से उमेश के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
बीच-बचाव करने आई उमेश की पत्नी तारा देवी को भी आरोपी ने मारा-पीटा, जिससे वह भी घायल हो गईं। दोनों को ग्रामीणों की मदद से सीएचसी दुद्धी लाया गया, जहां इलाज के दौरान उमेश की मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक थाना दुद्धी, सोनभद्र ने बताया कि कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और आरोपी की तलाश जारी है।










