उपेंद्र तिवारी दुद्धी

विश्वास की कीमत दो लाख! सफाई का झांसा देकर टिफिन में गायब कर दिए सोने के गहने, पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी
दुद्धी, सोनभद्र।
नगर के वार्ड नं. 11 जेम्स स्कूल के पास बुधवार की दोपहर ठगी की एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी। दो अज्ञात ठगों ने गहनों की सफाई का झांसा देकर एक महिला को ठग लिया और करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर लेकर चंपत हो गए।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नं. 11 निवासी अनवरी बेगम पत्नी मोहम्मद रजा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार (8 अक्टूबर) को दो युवक उनके घर आए और खुद को सोने-चांदी के गहनों की सफाई करने वाला कारीगर बताते हुए विश्वास जीत लिया।
ठगों ने सफाई के नाम पर गहनों को टिफिन में रखकर उसमें गर्म पानी डालने का नाटक किया। उन्होंने कहा कि “सफाई की प्रक्रिया पूरी होने में कुछ समय लगेगा” और महिला को कुछ देर बाद टिफिन खोलने को कहा।
लेकिन जब अनवरी बेगम ने टिफिन खोला तो उनके होश उड़ गए — अंदर एक भी गहना नहीं था!
इस बीच दोनों युवक अपनी बाइक स्टार्ट कर फरार हो गए।
घटना के बाद महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जुटे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
कोतवाली प्रभारी दुद्धी ने बताया कि “पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही ठगों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की ठगी की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस सख्ती से कार्रवाई करे ताकि आगे कोई और मासूम ऐसी ठगी का शिकार न बने।










