दुद्धी। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के लिए सोमवार का दिन बेहद खास रहा। यूनिवर्सल आइडियल सेवा समिति के दुद्धी प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षित 61 युवाओं का चयन बेंगलुरु की प्रतिष्ठित कंपनी यूनो मिंडा में हुआ है। चयनित युवाओं को कंपनी में 18 हजार रूपये मासिक वेतन पर नियुक्ति मिली है। मंगलवार को इन सभी युवाओं को भाजपा नेता एवं वर्तमान विधानसभा प्रत्याशी श्रवण सिंह गोंड ने हरी झंडी दिखाकर बेंगलुरु के लिए रवाना किया। इस अवसर पर समिति के जनरल मैनेजर अरविंद तिवारी, क्वालिटी हेड अभिषेक त्रिपाठी, स्टेट हेड भूपेश सिंह, मैदुल, भाजपा नेता संजू तिवारी और गोरख अग्रहरी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए भाजपा नेता श्रवण सिंह गोंड ने कहा कि आज का दिन युवाओं के जीवन में नया अध्याय जोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित कर रही है, बल्कि क्षेत्र का गौरव भी बढ़ा रही है। उन्होंने प्रशिक्षित युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि कौशल विकास से ही आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा। यूनिवर्सल आइडियल सेवा समिति के अधिकारियों ने बताया कि संस्था लगातार ग्रामीण युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। युवाओं का सफल प्लेसमेंट संस्था की मेहनत और सरकारी योजनाओं के सही क्रियान्वयन का परिणाम है।स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना कीl











