
सोनभद्र। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) की जनपदीय त्रैमासिक बैठक सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित एक होटल में सफलता पूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला स्तरीय सम्मेलन को लेकर गहन चिंतन किया गया और पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के दौरान आधा दर्जन पत्रकारों ने ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष एवं तहसील अध्यक्षों ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत और सम्मान किया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव ‘पुष्कर’ ने जिला सम्मेलन के आयोजन के बाबत विस्तृत चर्चा करते हुए अगली बैठक में ठोस योजना रचना पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को हुई बैठक में पत्रकारों के हितार्थ कई बिंदुओं को रेखांकित किया गया था। बैठक में यह तथ्य सामने आया कि हाल के दिनों में जिले में पत्रकार उत्पीड़न की कोई घटना नहीं घटी है, इसलिए इस विषय पर चर्चा नहीं हो सकी। वहीं पत्रकारों के दुर्घटना बीमा विषय पर संगठन पदाधिकारियों ने अपने-अपने विचार रखे। सभा में बतौर अतिथि संरक्षक एस.पी. तनेजा, उत्तम सिंह और मण्डल कार्यकारिणी के सदस्य इनामुल हक अंसारी मौजूद रहे।
चारों तहसीलों से अध्यक्षों की उपस्थिति रही—रॉबर्ट्सगंज से विनोद मिश्रा, घोरावल से बी.एन. यादव, ओबरा से ईश्वरचन्द्र जायसवाल और दुद्धी से अमिताभ मिश्रा।
जिला महामंत्री राजेश पाठक, जगदीश तिवारी, अमरेश चन्द्र, जिला कोषाध्यक्ष विजय अग्रहरि सहित कई वरिष्ठ पत्रकार एवं कार्यकारिणी सदस्य बैठक में शामिल हुए। संचालन जगदीश तिवारी ने किया।










