मिलिन्द कुमार

सोनभद्र जनपद के घोरावल तहसील क्षेत्र स्थित शाहगंज पुलिस चौकी परिसर में गुरुवार को शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। आगामी गणेश चतुर्थी, बारावफात और बामन द्वादशी पर्वों को लेकर प्रशासनिक तैयारियों और सामाजिक समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय ने की। उन्होंने उपस्थित धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि त्योहार सिर्फ आनंद और आस्था का नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक भी होते हैं। इसलिए सभी समुदायों को यह सुनिश्चित करना होगा कि पर्वों के दौरान कोई भी व्यक्ति शारीरिक या मानसिक रूप से परेशान न हो।
सीओ पांडेय ने विशेष रूप से जुलूस और धार्मिक आयोजनों के लिए नियम स्पष्ट करते हुए कहा कि—
1_किसी भी कार्यक्रम या शोभायात्रा के लिए उपजिलाधिकारी कार्यालय से अनुमति लेना अनिवार्य है।
2_जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका ध्यान रखा जाए।
3_डीजे पर अश्लील या फूहड़ गानों का प्रयोग कदापि न किया जाए।
4_मूर्ति विसर्जन के समय यह भी सुनिश्चित किया जाए कि विसर्जन में शामिल दल में तैरना जानने वाले लोग अवश्य हों, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके।
बैठक में थानाध्यक्ष शाहगंज जितेंद्र कुमार, चौकी प्रभारी रामस्वरूप शर्मा के साथ-साथ समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसमें प्रधान प्रतिनिधि इरशान खान, मोहम्मद जलील खान, सैयद जमा हुसैन, इश्तियाक अली समेत विभिन्न समुदायों के लोग शामिल हुए और प्रशासन को अपने-अपने सुझाव भी दिए।
अधिकारियों और नागरिकों के साझा विचारों से यह संदेश निकला कि त्योहारों की सच्ची खूबसूरती तभी है जब वे शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाए जाएं।










