सोनभद्र कोन के ग्राम पंचायत मिश्री के टोला निवासी वेदांत (13 वर्ष) को मंगलवार रात पेट में तेज दर्द होने पर परिजन कोन स्थित भारत हॉस्पिटल ले गए थे। वहां एक कर्मचारी ने उसे इंजेक्शन लगाया और घर ले जाने को कह दिया। लेकिन, घर पहुंचते ही उसकी हालत फिर से खराब होने लगी। उसे वापस अस्पताल लाया गया, पर कर्मियों ने देखने से मना कर दिया। दूसरे अस्पताल में ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर फैलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल संचालक को वहीं बैठाकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया। परिजन मृतक के लिए मुआवजे और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे है।











