शक्तिपाल

सोनभद्र जिले के एक निजी अस्पताल में लापरवाही के कारण एक महिला की मौत का आरोप लगा है। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
करमा थाना क्षेत्र के जोगनी गांव की रहने वाली नसीना बेगम (42) को उनके पति मुमताज ने राबर्ट्सगंज के सहारा अस्पताल में भर्ती कराया था। नसीना को बच्चेदानी में गांठ की समस्या थी और ऑपरेशन की तैयारी चल रही थी। डॉक्टरों ने ऑपरेशन से पहले उनका हीमोग्लोबिन स्तर कम होने की बात कही और रक्त चढ़ाने की सलाह दी। परिजनों ने ब्लड का इंतजाम किया, लेकिन रक्त चढ़ाने के दौरान ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।
मृतक के पति मुमताज का आरोप है कि अस्पताल कर्मियों की लापरवाही के कारण उनकी पत्नी की जान गई। उन्होंने यह भी बताया कि मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने बिना किसी को बताए शव को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया। इससे नाराज होकर परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया।










