उपेंद्र तिवारी

जलस्तर बढ़ने पर रिहंद बांध के सात फाटक खोले गए,300 मेगावाट बिजली उत्पादन जारी, 83 हजार क्यूसेक पानी की निकासी
भारत के विशालतम बांधों में से एक पिपरी में स्थित रिहंद बांध के सात फाटक खोल दिए गए हैं। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता के अनुसार सोमवार को बांध का जलस्तर उच्च लेवल पार करने पर पहला फाटक खोला गया था।जलस्तर में कमी न आने के कारण शाम 6:30 बजे तक दो बार में पांच फाटक खोल दिए गए। इसके बावजूद रात्रि में बांध का जलस्तर 869.2 फीट पर बना रहा। पानी का इनफ्लो काफी तेज होने के कारण सोमवार की रात्रि लगभग 11 बजे दो और फाटक 16 फीट तक खोलने पड़े।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि बांध पर स्थापित सभी 6 टरबाइन फुल लोड पर चल रही हैं। इससे 300 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। 6 टरबाइन और 7 फाटकों से मिलाकर कुल 83 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।फाटकों के खुलने के बाद सुबह 9 बजे तक बांध के जलस्तर में 0.2 फीट की कमी दर्ज की गई है। मंगलवार की सुबह 9 बजे बांध का जलस्तर 869 फीट पर पहुंच गया है। अधिशासी अभियंता ने यह भी बताया कि जलस्तर 868 फीट से नीचे आने पर ही बांध के फाटक बंद किए जाएंगे।
बांध के फाटक खुलने पर सोन नदी का जल स्तर बढ़ गया है। निचले इलाकों में बाढ़ भी आ सकती है। प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।










