उपेंद्र तिवारी
दुद्धी (सोनभद्र)। थाना दुद्धी क्षेत्र के ग्राम मलदेवा में रविवार को एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमुना प्रजापति (35 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय किशुन चंद्र प्रजापति, निवासी ग्राम मलदेवा, थाना दुद्धी, किसी कारणवश अपने घर में फांसी के फंदे पर झूल गए। परिजनों ने जब उन्हें फंदे से लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में आसपास के लोगों को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दुद्धी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के पीछे क्या कारण रहे, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटा रही है।
इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।











