शक्तिपाल

सोनभद्र, रॉबर्ट्सगंज। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद पुलिस ने तत्काल दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वंदना त्रिपाठी (30 वर्ष) पत्नी अवधेश त्रिपाठी एवं उनकी नौ वर्षीय पुत्री समीक्षा, मूल रूप से कटरा कोतवाली क्षेत्र जनपद मिर्जापुर की निवासी हैं और वर्तमान में पुसौली में रह रही हैं। सोमवार शाम करीब छह बजे दोनों स्कूटी से पुसौली से रॉबर्ट्सगंज कस्बे की ओर जा रही थीं। इसी दौरान ट्रक संख्या यूपी 53 एफटी 2555 ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से दोनों को जिला अस्पताल लोढ़ी के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि यातायात सामान्य रूप से संचालित होता रहा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी रही।









