
सोनभद्र। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद में यातायात पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एक ओर पुलिस लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक कर रही है, वहीं दूसरी ओर नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।
यातायात प्रभारी सीओ चारु द्विवेदी के नेतृत्व में जनपदभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत लोगों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न नियमों की जानकारी दी जा रही है। अभियान के दौरान वाहन चालकों को रोंग साइड वाहन न चलाने, बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। घर से निकलने वाले हर व्यक्ति की सकुशल वापसी का उसके परिवार को इंतजार रहता है, इसलिए यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। इसी क्रम में थाना चोपन सीसी टीम पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। एसआई अभय यादव के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 32 वाहनों का चालान किया गया। जांच के दौरान चार वाहन चालक ड्रिंक एंड ड्राइव करते पाए गए, जिन पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया। साथ ही उन्हें भविष्य में दोबारा ऐसी गलती करने पर वाहन सीज किए जाने की चेतावनी भी दी गई।
एसआई अभय यादव ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक की जान के लिए खतरा है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी इससे प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में जागरूकता पैदा कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है।
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान से सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ रही है। वहीं यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई से वाहन चालकों में सतर्कता भी देखने को मिल रही है।







