रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र) स्थानीय थाने में तैनात अपने सरल, हंसमुख और कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले उपनिरीक्षक श्रवण यादव का घोरावल स्थानांतरण होने पर सोमवार को थाना परिसर में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब बीजपुर, स्थानीय व्यापारी, समाजसेवी एवं थाना स्टाफ ने उन्हें अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते हुए नम आंखों से विदाई दिया।
विदाई समारोह भावुकता से भरा रहा, जहां उपस्थित लोगों ने उनके सौम्य व्यवहार और उत्कृष्ट कार्यशैली को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किया ।
प्रेस क्लब बीजपुर के पदाधिकारी विनोद गुप्ता, रामप्रवेश गुप्ता, विजय सोनी, विशाल गुप्ता एवं नीरज गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने उन्हें अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उनके कार्यकाल की सराहना किया।
ज्ञात हो कि मूल रूप से जनपद आजमगढ़ के थाना जीयनपुर अंतर्गत ग्राम नत्थूपुर निवासी श्रवण कुमार यादव ने 28 नवंबर 2023 को बीजपुर थाने में उपनिरीक्षक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। अपने लगभग ढाई वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने अपनी कार्यकुशलता, मिलनसार व्यक्तित्व और जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता के बल पर क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान बनाई। आमजन से सहज संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति उनकी तत्परता ने उन्हें हर वर्ग का प्रिय बना दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि उपनिरीक्षक श्रवण यादव का कार्यकाल बीजपुर थाने के लिए अत्यंत सहयोगपूर्ण और प्रेरणादायक रहा। उन्होंने हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से किया। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण नौकरी का एक स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन उनका योगदान यहां की जनता और पुलिस विभाग के लिए स्मरणीय रहेगा।
वरिष्ठ पत्रकार विनोद गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस विभाग में ऐसे सरल और संवेदनशील अधिकारी कम ही देखने को मिलते हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में हर वर्ग की समस्याओं को गंभीरता से सुना और यथासंभव समाधान किया, यही कारण है कि आज उनकी विदाई के समय सभी की आंखें नम हैं।
इस दौरान थाना अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडेय, प्रेस क्लब बीजपुर के पदाधिकारी एवं सदस्यगण, स्थानीय समाजसेवी तथा समस्त थाना स्टाफ उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल की कामना किया ।










