उपेंद्र तिवारी

अनपरा (सोनभद्र)। क्षेत्र में हाईवा वाहनों द्वारा राख (फ्लाई ऐश) के परिवहन के दौरान गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि राख से लदे हाईवा मुख्य मार्ग पर चलते समय राख मिश्रित पानी सड़क पर गिरा रहे हैं। इससे सड़क पर कीचड़ जैसी स्थिति बन गई है, जो राहगीरों के लिए खतरनाक साबित हो रही है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व में तत्कालीन डीएम और एसपी द्वारा शक्तिनगर स्थित एनटीपीसी गेस्ट हाउस में परियोजना अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि राख का परिवहन निर्धारित मानकों के अनुसार ढककर किया जाए और ओवरलोडिंग न हो। इसके बावजूद ट्रांसपोर्टरों द्वारा नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
अनपरा के मुख्य चौराहों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में राख परिवहन करने वाले वाहन गुजरते हैं, जो तेज रफ्तार में चलते हुए दिखाई देते हैं। हैरानी की बात यह है कि संबंधित विभागों और जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से इस पर कोई प्रभावी निगरानी नहीं की जा रही है। स्थानीय प्रशासन और निकाय के अधिकारी भी इस मामले में निष्क्रिय नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं अब आम हो गई हैं। राख मिश्रित पानी सड़क पर गिरने से सड़क फिसलन भरी हो जाती है, जिससे विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को भारी जोखिम का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि राख परिवहन में लगे वाहनों को न तो ठीक से ढका जाता है और न ही लीकेज रोकने के पर्याप्त इंतजाम किए जाते हैं। इससे एक ओर जहां प्रदूषण फैल रहा है, वहीं दूसरी ओर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों और कंपनियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या पर संज्ञान लेकर प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।









