सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र के जवारीडाड़ जंगल में पेड़ से लटकता खोपड़ी का अवशेष मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। चरवाहों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मिले अवशेषों की पहचान 16 वर्षीय मंगला प्रसाद के रूप में हुई है, जो 19 जनवरी से लापता था। परिजनों ने 26 जनवरी को थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अब करीब एक महीने बाद जंगल से खोपड़ी का अवशेष मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। VO: यह पूरा मामला ग्राम पंचायत कोटा के टोला पतगड़ी स्थित जवारीडाड़ जंगल का है। मंगलवार को चरवाहों ने जंगल में पेड़ से लटकते अवशेष देखे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। जंगल में मिले अवशेषों की पहचान मृतक के बड़े भाई रवि कुमार ने कपड़ों और बेल्ट के आधार पर की। पुलिस ने खोपड़ी समेत अन्य अवशेषों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है कि यह हत्या है, आत्महत्या या कोई और वजह। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। वहीं घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।









